16 जनवरी, 2010

शराबी - कहानी

एक आदमी अपने दोस्त के घर पार्टी में गया हुआ था। पार्टी देर रात तक चलती रही और जाम पर जाम टकराते रहे। मु़फ्त की मिल रही थी, इसलिए उस आदमी ने खूब पी ली। इतनी पी ली कि कुछ-कुछ होश तो बाक़ी रहा, पर उससे ढंग से चला भी नहीं जा रहा था।

वहां कुछ ऐसे भी दोस्त थे, जिन्होंने थोड़े संयम से काम लिया था। वे गाड़ी चलाकर अपने घर तक पहुंचने की हालत में थे। उन्होंने इस आदमी को घर तक छोड़ देने की पेशकश की, लेकिन उसने मना कर दिया। जैसा कि शराब पीने के बाद किसी व्यक्ति का दुस्साहस मूर्खता की हद तक बढ़ जाता है, उसने ख़ुद ड्राइव करते हुए घर जाने का निर्णय लिया।



चूंकि रात बहुत हो चुकी थी और मेजबान समेत कोई भी दोस्त बहस करने के मूड में नहीं था, इसलिए किसी ने उसे ज्यादा रोका-टोका नहीं। इस तरह वह अपनी गाड़ी लेकर निकल गया। उसका घर ज्यादा दूर नहीं था और रास्ता ख़ाली, इसलिए दोस्तों ने भी ख़ास चिंता नहीं की।



भले ही रास्ता कितना छोटा हो, पर उसके गाड़ी चलाने के ढंग से साफ़ नजर आ रहा था कि वह नशे में है। तो रास्ते के बीच में ही पुलिस की गाड़ी ने उसे रोक लिया और अपनी गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा। बाहर आने के बाद पुलिसवालों ने उसका नाम-पता नोट किया।



वे उससे पूछताछ कर ही रहे थे कि उन्हें वायरलेस पर मुख्यालय से सूचना मिली कि उस जगह से दो-चार घर छोड़कर डकैती हो गई है। पुलिसवालों ने उसका नाम-पता तो लिख ही लिया था, सो अपनी वापसी तक उसे वहीं खड़ा रहने की हिदायत देकर वे दौड़ते हुए घटनास्थल की ओर चल दिए। कुछ देर हो गई। कुछ और देर हो गई। वह आदमी उकता गया था।



शराब के नशे में उसका दिमाग़ भी पता नहीं कहां-कहां दौड़ रहा था। उसने सोचा, पुलिसवालों ने नाम-पता लिख लिया है, तो क्या हुआ, अगली सुबह तक तो सब नशा उतर जाएगा, फिर वे कौन-सा केस चला लेंगे। यह सोचकर उसने आसपास देखा, गाड़ी उठाई और निकल लिया।



घर पहुंचकर उसने गाड़ी गैराज में रखी और बीवी से कह दिया कि मैं सोने जा रहा हूं, कोई आए तो कह देना कि मुझे तो फ्लू हो गया है और मैं कल से बिस्तर पर ही हूं। एकाध घंटे के बाद दरवाजे पर खटखट हुई। पत्नी ने दरवाजा खोला, तो पुलिस को देखकर हैरान रह गई। वह पतिव्रता स्त्री थी, इसलिए पति ने जैसा सिखाया था, वैसा कह दिया।



पुलिसवाले तो मानने को तैयार ही नहीं थे। पर उन्होंने उस आदमी को हाजिर करने की जिद नहीं की। उन्होंने कहा कि आप तो अपने पतिदेव को आराम करने दें, हमें बस उनकी गाड़ी दिखा दें। पत्नी को भला क्या आपत्ति होती। उसने नीचे आकर गैराज खोला, तो वहां पुलिस की गाड़ी खड़ी थी और उसमें ऊपर लगी लाइट अभी भी जल रही थी।

15 जनवरी, 2010

ज़ेन गुरु और साइकिल

एक जेन गुरु ने देखा कि उनके पांच शिष्य बाहर से अपनी-अपनी साइकिलों पर लौट रहे हैं। जब वे साइकिलों से उतर गए, तब गुरु ने उनसे पूछा, ‘तुम सब साइकिलें क्यों चलाते हो?’ पहले शिष्य ने उत्तर या, ‘मेरी साइकिल पर आलुओं का बोरा बंधा है। इससे मुझे उसे अपनी पीठ पर नहीं ढोना पड़ता।’

गुरु ने कहा, ‘तुम बहुत होशियार हो। जब तुम बूढ़े हो जाओगे, तो तुम्हें मेरी तरह झुककर नहीं चलना पड़ेगा।’ दूसरे शिष्य ने उत्तर दिया, ‘मुझे साइकिल चलाते समय पेड़ों और खेतों को देखना अच्छा लगता है।’ गुरु मुस्कुराए और बोले, ‘तुम हमेशा अपनी आंखें खुली रखते हो और दुनिया को देखते हो।’ तीसरा शिष्य बोला, ‘जब मैं साइकिल चलाता हूं, तब मंत्रों का जाप करता रहता हूं।’ गुरु ने उसे शाबाशी दी, ‘तुम्हारा मन किसी नए कसे हुए पहिए की तरह रमा रहेगा।’



चौथा शिष्य बोला, ‘साइकिल चलाने पर मैं सभी जीवों से एकात्मकता अनुभव करता हूं।’ गुरु प्रसन्न हुए और बोले, ‘तुम अहिंसा के स्वर्णिम पथ पर बढ़ रहे हो।’ पांचवे शिष्य ने उत्तर दिया, ‘मैं साइकिल चलाने के लिए साइकिल चलाता हूं।’ गुरु उठकर पांचवे शिष्य के चरणों में बैठ गए और बोले, ‘मैं आपका शिष्य हूं।’

14 जनवरी, 2010

आग हम लगा देते वरना इस जमाने में - ग़ज़ल (‘मयंक’ अकबराबादी)

परिचय
जनाब केके सिंह बतख़ल्लुस ‘मयंक’ अकबराबादी की पैदाइश 1944 में उप्र के मथुरा जिले में हुई। कुछ समय बाद वे आगरा चले आए और वहीं उनकी शिक्षा पूरी हुई। उन्हें बचपन से ही कविता, गीत, ग़ज़ल लिखने का शौक़ रहा। तक़रीबन 30 साल से उर्दू अदब की ख़िदमत कर रहे हैं। मयंक साहब का कलाम फिल्म, दूरदर्शन, रेडियो और कैसेट, सीडियों के जरिए अवाम तक पहुंच रहा है।



उम्र बीत जाती है जिसको घर बनाने में।
आग क्यों लगाते हो उसके आशियाने में।।



ख़ास इक तअल्लुक़ है इक गज़ब का रिश्ता है।
जीस्त की कहानी में इश्क़ के फ़साने में।।



कब मुझे गवारा है मुफ़लिसी की रुसवाई।
मुंह छुपाए बैठा हूं मैं ग़रीबख़ाने में।।



रात भर चला आख़िर खेल ये मुहब्बत का।
कट गई शबे-रंगीं रूठने-मनाने में।।



दोस्त तो बना लेना हर किसी को है आसां।
मुश्किलें हजारों हैं दोस्ती निभाने में।।



मश्विरा ये मेरा है भूल के भी मत करना।
तजकिरा वफ़ाओं का बेवफ़ा जमाने में।।


क्या करें ‘मयंक’ अपना बस नहीं चलता।

आग हम लगा देते वरना इस जमाने में।।



मायने

जीस्त= जिंदगी,जीवन /मुफ़लिसी= दरिद्रता, निर्धनता, कंगाली/ रुसवाई=बदनामी,निंदा, अपयश,कुख्याति / तल्ख़ियां= कटुता, कड़वापन, सच्चाई / तजकिरा= चर्चा, फिक्र, वार्तालाप



Related Posts with Thumbnails