18 जनवरी, 2010

आंखों में फिर जज्ब हुआ इक दर्द का मंजर और - ग़ज़ल (नक्श इलाहबादी)

आंखों में फिर जज्ब हुआ इक दर्द का मंजर और
आज एक ही बूंद में डूबा एक समंदर और

रब्त मेरा जब बाहर की दुनिया से टूटता है
इक संसार जनम लेता है मेरे अंदर और

फ़िक्र-ओ-घुटन बेव़क्त की दस्तक बेरब्त आवाजें
इसके अलावा देता भी क्या मुझको मेरा घर और

उसकी झुलसती रूह पे रख दो मेरे बदन की छांव
मेरे पिघलते जिस्म पे लिख दो एक दोपहर और

उसका आख़िरी तीर बचा है मेरी आख़िरी सांस
कहर बहर सूरत टूटेगा एक न इक पर और

सुब्ह की पहली किरन तलक मैं बन जाऊंगा ़ख्वाब
तू भी मुझमें कर ले बसेरा सिर्फ़ रात भर और

मायनेरब्त=संबंध, दोस्ती, तआल्लुक/बेरब्त=बेढंगी, बेमेल /बहर=समुद्र

17 जनवरी, 2010

सेल्समैन और मैनेजर - कहानी

एक आदमी काम की तलाश में छोटे क़स्बे से बड़े शहर में पहुंचा था। वह अपने क़स्बे में भी अच्छा काम कर रहा था, लेकिन वहां तऱक्क़ी की गुंजाइश कम थी, इसलिए वह शहर आ गया था। शहर में उसने एक बड़ी दुकान के मैनेजर से संपर्क किया। मैनेजर ने कहा कि सेल्समैन की जगह तो ख़ाली है, पर तुम्हें इस काम का कितना अनुभव है। उसने जवाब दिया, ‘अपने क़स्बे में मैं बड़ा अच्छा सेल्समैन समझा जाता था।’ मैनेजर ने कहा, ‘वह तो एक दिन में ही पता चल जाएगा। दिनभर के तुम्हारे प्रदर्शन के आधार पर तय होगा कि तुम यहां काम करने के काबिल हो या नहीं।’ उस आदमी को मौक़ा मिल गया।

रात को दुकान का शटर गिरने के बाद मैनेजर ने उसे बुलाकर पूछा कि उसने दिनभर में कितने ग्राहकों को कुछ ख़रीदने के लिए राÊाी किया। आदमी ने जवाब दिया, ‘एक।’ मैनेजर- ‘बस एक! हमारा एक औसत सेल्समैन दिनभर में 20-30 ग्राहकों को कुछ न कुछ बेच देता है। ख़ैर, तुमने कितने पैसों का सामान बेचा उसे?’ जवाब मिला, ‘12,26,632 रुपयों का।’ इतनी बड़ी रक़म सुनकर मैनेजर को बड़ा आश्चर्य हुआ। ‘ऐसा क्या बेच दिया तुमने उसे?’



क़स्बे के आदमी ने जवाब दिया, ‘पहले मैंने उसे मछली पकड़ने का कांटा बेचा। उसके बाद मैंने उसे मछली मारने की पूरी किट बेची। फिर मैंने उस ग्राहक से पूछा कि वह मछलियां पकड़ने कहां जाएगा। जब उसने बड़ी नदी का नाम लिया, तो मैंने उसे सुझाव दिया कि क्यों न वह एक मोटरबोट भी ख़रीद ले। मोटरबोट लेने के बाद उसे ख्याल आया कि उसकी पुरानी जीप बोट को ढोकर नदी तक नहीं ले जा पाएगी, तो उसने नई जीप के बारे में पूछताछ की। तब मैं उसे आटोमोटिव डिपार्टमेंट में ले गया और उसने लगे हाथ जीप और ट्रॉली भी ख़रीद ली।’



मैनेजर ने अविश्वास से लगभग चीख़ते हुए कहा, ‘वह मछली पकड़ने का कांटा लेने आया था और तुमने उसे इतना सबकुछ बेच डाला!’ उस आदमी ने जवाब दिया, ‘नहीं, दरअसल वह तो घर पर डिनर के लिए कैंडल लेने आया था।’



1. संख्या नहीं, गुणवत्ता महत्वपूर्ण होती है।
2. संभावनाओं का कोई ओर-छोर नहीं होता।

16 जनवरी, 2010

उद्देश्य -कहानी ( मीरा जैन)

‘कितनी देर कर दी? मैं कब से तुम्हारी राह देख रही थी, दो ही घंटे की तो पूजा है और इसे शुरू हुए आधे घंटे बीत चुके हैं, फिर तुम्हारे यहां बहू भी तो है।’

‘यही तो रोना है। उसे कितनी बार कहा, आज जल्दी खाना बना देना, मुझे पूजा में जाना है, लेकिन उसके कान पर जूं तक नहीं रेंगती। उसे जब जो करना है वही करती है। आज बैंक का ज़रूरी काम कहकर चली गई। एक घंटे में लौटी। कुछ कहो, तो उल्टा जवाब देगी- ‘दाल-सब्ज़ी तो बनी रखी थी, ज्यादा जल्दी थी तो दो रोटी खुद ही सेंककर खा लेतीं!’ अब तुम्हीं बताओ मेरी उम्र है क्या, रोटी बनाने की?’



‘हां, तुमने बिल्कुल ठीक कहा। आज-कल की बहुएं होती ही हैं नकचढ़ी। एक बोलो, दस सुनाती हैं। मैं तो खूब ठोक बजाकर लाऊंगी, अगर उसने ज्यादा चूं-चपट की, तो मायके का रास्ता दिखा दूंगी। चल आज की पूजा तो समाप्त हो गई, कल समय पर आ जाना..।’

Related Posts with Thumbnails