16 फ़रवरी, 2010

चंद्रकांता संतति - भाग 6

...वह कहता है कि अभी इस शहर में पहुंचा हूं, महाराज का दर्शन कर चुका हूं, सरकार के दर्शन हो जाएं, तब आराम से सराय में डेरा डालूं और हमेशा से उसका यही दस्तूर भी है।
इंद्रजीत सिंह- अगर ऐसा है तो उसे आने ही देना मुनासिब है।
आनंद सिंह- अब आज किश्ती पर सैर करने का रंग नजर नहीं आता।
इंद्रजीत सिंह- क्या हर्ज है, कल सही।
चोबदार सलाम करके चला गया और थोड़ी देर में सौदागर को लेकर हाजिर हुआ। हकीकत में वह सौदागर बहुत ही बूढ़ा था, रईसियत और शराफत
उसके चेहरे से बरसती थी। जाते ही सलाम करके उसने दोनों भाइयों को दो अंगूठियां दी और कबूल होने के बाद इशारा पाकर जमीन पर बैठ गया।
इस बूढ़े जवहरी की इज्जत की गई, मिजाज का हाल तथा सफर की कैफियत पूछने के बाद डेरे पर जाकर आराम करने और कल फिर हाजिर होने
का हुक्म हुआ, सौदागर सलाम करके चला गया।
सौदागर ने जो दो अंगूठियां दोनों भाइयों को नजर दी थी उनमें आनंद सिंह की अंगूठी पर निहायत खुशरंग माणिक जड़ा हुआ था और इंद्रजीत सिंह की
अंगूठी पर सिर्फ एक छोटी सी तस्वीर थी जिसे एक दफे निगाल भरकर इंद्रजीत सिंह ने देखा और कुछ सोचकर चुप हो गए।
एकांत होने पर रात को समादान की रोशनी में फिर उस अंगूठी को देखा जिसमें नगीने की जगह एक कमसिन हसीन औरत की तस्वीर जड़ी हुई थी।
चाहे यह तस्वीर कितनी ही छोटी क्यों न हो, मगर मुसौवर ने गजब की सफाई इसमें खर्च की थी। इसे देखते-देखते एक मर्तबे तो इंद्रजीत सिंह की यह हालत हो गई कि अपने को और उस औरत की तस्वीर को भूल गए, मालूम हुआ कि स्वयं वह नाजनीन इनके सामने बैठी है और वह उससे कुछ कहना चाहते हैं, मगर उसके हुस्न के रुआब में आकर चुप रह जाते हैं।
एकाएक यह चौंक पड़े और अपनी बेवकूफी पर अफसोस करने लगे, लेकिन इससे क्या होता है? उस तस्वीर ने तो एक ही सायत में इनके लड़कपन
को धूल में मिला दिया और नौजवानी की दीवानी सूरत इनके सामने खड़ी कर दी। थोड़ी देर पहले सवारी, शिकार, कसरत वगैरह के पेचीले कायदे दिमाग में घूम रहे थे, अब ये एक दूसरी ही उलझन में फंस गए और दिमाग किसी अद्वितीय रत्न के मिलने की फिक्र में गोते खाने लगा। महाराज शिवदत्त की तरफ से अब क्या ऐयारी होती है, भैरो सिंह क्यों कर और कब कैद से छूटते हैं, देखें, बद्रीनाथ वगैरह शिवदत्तगढ़ में जाकर क्या करते हैं, अब शिकार खेलने की नौबत कब तक आती है, एक ही तीर में शेर गिरा देने का मौका कब जाना चाहिए इत्यादि खयालों को अब तो यह भूल गए।
अब तो यह फिक्र पैदा हुई कि सौदागर को यह अंगूठी क्यों हाथ लगी? यह तस्वीर खयाली है या असल में किसी ऐसे की है जो इस दुनिया में मौजूद है? क्या सौदागर उसका पता-ठिकाना जानता होगा?
खूबसूरती की इतनी ही हद है या और भी कुछ है? नजाकत, सुडौली और सफाई वगैरह का खजाना यही है या कोई और? इसकी मोहब्बत के दरिया में
हमारा बेड़ा क्यों पार होगा?
कुंअर इंद्रजीत सिंह ने आज बहाना करना भी सीख लिया और घड़ी ही भर में उस्ताद हो गए। पेट फूला है, भोजन न करेंगे, सिर में दर्द है, किसी का
बोलना बुरा मालूम होता है...
...सन्नाटा हो तो शायद नींद आए, इत्यादि बहानों से उन्होंने अपनी जान बचाई और तमाम रात चारपाई पर करवटें बदल-बदलकर इस फिक्र में काटी कि सवेरा हो तो सौदागर को बुलाकर कुछ पूछें।
सवेरे उठते ही जवहरी को हाजिर करने का हुक्म दिया, मगर घंटे भर के बाद चोबदार ने वापस आकर बताया कि सराय में सौदागर का कोई अता-पता नहीं है।
इंद्रजीत सिंह : उसने अपना डेरा कहां पर बताया था?
चोबदार : ताबेदार को तो उसकी जुबानी यही मालूम था कि सराय में उतरेगा, मगर यहां पता करने पर मालूम हुआ कि यहां कोई सौदागर आया ही नहीं।
इंद्रजीत सिंह : कहीं दूसरी जगह उतरा होगा। पता करो।
'बहुत खूब' कहकर चोबदार तो चला गया मगर इंद्रजीत सिंह पशोपेश में पड़ गए। सिर नीचा कर कुछ सोच ही रहे थे कि आहट हुई। सिर उठाकर देखा तो कुंअर आनंद सिंह थे।
आनंद सिंह : स्नान का समय हो गया है।
इंद्रजीत सिंह : हां! आज कुछ देर हो गई।
आनंद सिंह : तबियत कुछ सुस्त मालूम होती है!
इंद्रजीत सिंह : रातभर सिर में दर्द था।
आनंद सिंह : अब कैसा है?
इंद्रजीत सिंह : अब तो ठीक है।
आनंद सिंह : कुछ झलक-सी मालूम पड़ी थी कि उस अंगूठी में कोई तस्वीर जड़ी हुई है जो उस जौहरी ने नजर की थी।
इंद्रजीत सिंह : हां थी तो।
आनंद सिंह : कैसी तस्वीर है?
इंद्रजीत सिंह : न मालूम, वह अंगूठी कहां रख दी। मिल ही नहीं रही। मैनें सोचा था एक दिन अच्छी तरह देखूंगा, मगर...

अगर भेद खुल जाने का डर न होता कुंवर इंद्रजीत सिंह, सिवा 'ओफ' करने और लम्बी-लम्बी सांसें लेने के कोई दूसरा काम न करते, मगर क्या करें लाचारी से सभी मामूली काम और अपने दादा के साथ बैठकर भोजन भी करना पड़ा, हां शाम को इनकी बेचैनी बहुत बढ़ गई जब सुना कि तमाम शहर छान डालने पर भी उस जवहरी का कहीं पता न लगा और यह भी मालूम हुआ कि उस जवहरी ने बिलकुल झूठ कहा था कि महाराज का दर्शन कर आया हूं अब कुमार के दर्शन हो जाए तब आराम से सराय में डेरा डालूं, वह वास्तव में महाराज सुरेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह से नहीं मिला था।
तीसरे दिन इनको बहुत ही उदास देख आनंद सिंह ने किश्ती पर सवार होकर गंगा जी की सैर करने और दिल बहलाने के लिए जिद्द की, लाचार उनकी बात माननी ही पड़ी।
एक छोटी-सी खूबसूरत और तेज जाने वाली किश्ती पर सवार हो इंद्रजीत सिंह ने चाहा कि किसी को साथ न ले जाएं, सिर्फ दोनों भाई ही सवार हो और खेकर दरिया की सैर करें। किसकी मजाल थी जो इनकी बात काटता, मगर एक पुराने खिदमतगार ने जिसने कि वीरेंद्र सिंह को गोद में खिलाया था और अब इन दोनों के साथ रहता था ऐसा करने से रोका और अब दोनों भाइयों ने न माना तो खुद किश्ती पर सवार हो गया। पुराना नौकर होने के ख्याल से दोनों भाई कुछ न बोले, लाचार बस साथ ले जाना ही पड़ा।
आनंद सिंह- किश्ती को धारा में ले जाकर बहाव पर छोड़ दीजिए, फिर खेकर ले आवेंगे।
इंद्रजीत सिंह- अच्छी बात है।
सिर्फ दो घंटे दिन बाकी था, जब दोनों बाई किश्ती पर सवार हो दरिया की सैर करने को गए, क्योंकि लौटते समय चांदनी रात का आनंद भी लेना मंजूर था। चुनार से दो कोस पश्चिमी में गंगा के किनारे पर एक छोटा-सा जंगल था। जब किश्ती उसके पास पहुंची, वंशी की और साथ ही गाने की बारीक सुरीली आवाज इन लोगों के कानों में पड़ी। संगीत एक ऐसी चीज है कि हर-एक के दिल को चाहे वह कैसा ही नासमझ क्यों न हो अपनी तरफ खींच लेती है, यहां तक कि जानवर भी इसके वश में होकर अपने को भूल जाता है।
दो-तीन दिन से कुंवर इंद्रजीत सिंह का दिल चुटीला हो रहा था, दरिया की बहार देखना तो दूर रहा इन्हें अपने तन-बदन की भी सुध न थी, ये तो अपनी प्यारी तस्वीर की धुन में सिर झुकाए बैठे कुछ सोच रहे थे, इनके हिसाब में चारों तरफ सन्नाटा था, मगर इस सुरीली आवाज ने इनकी गर्दन घुमा दी और उस तरफ देने को मजबूर किया जिधर से वह आ रही थी।
किनारे की तरफ देखने से यह मालूम न हुआ कि वंशी बजाने या गाने वाला कौन है, मगर इस बात का अंदाज जरूर मिल गया कि वे लोग बहुत दूर नहीं हैं जिनके गाने की आवाज सुनने वालों पर जादू का-सा असर कर रही है।
इंद्रजीत सिंह- ओह, क्या सुरीली आवाज है!
आनंद सिंह- दूसरी आवाज आई। बेशक यहां कई औरतें मिलकर गा-बजा रही हैं।
इंद्रजीत सिंह- (किश्ती का मुंह किनारे की तरफ फेरकर) ताज्जुब है कि इन लोगों ने गाने-बजाने और दिल बहलाने के लिए ऐसी जगह पसंद की। जरा देखना चाहिए।
आनंद सिंह- क्या हर्ज है चलिए।
बूढ़े खिदमतगार ने किनारे किश्ती लगाने और उतरने के लिए मना किया और बहुत समझाया, मगर इन दोनों ने न माना, किश्ती किनारे लगाई और उतरकर उस तरफ चले जिधर से आवाज आ रही थी। जंगल में थोड़ी ही दूर जाकर दस-पंद्रह नौजवान और औरतों का झुंड नजर आया जो रंग-बिरंगी पोशाक और कीमती जेवरों से अपने हुस्न को दूना किए ऊंचे पेड़े से लटकते हुए एक झूले को झुला रही थी। कोई वंशी, कोई मृदंगी बजाती, कोई हाथ से ताल दे-देकर गा रही थी। उस हिंडोले पर सिर्फ एक ही औरत गंगा की तरफ रुख किए बैठी थी।
ऐसा मालूम होता था मानों परियां साक्षात किसी देवकन्या को झूला झुला और गा-बजाकर इसलिए प्रसन्न कर रही हैं कि खूबसूरती बढ़ने और नौजवानी के स्थिर रहने का वरदान पावें, मगर नहीं, उनके भी दिल-की-दिल ही में रही और कुंवर इंद्रजीत सिंह तथा आनंद सिंह को आते देख हिंडोले पर बैठी हुई नाजनीन को अकेली छोड़ न जाने क्यों भाग ही जाना पड़ा।
आनंद सिंह- भैया, वह सब तो भाग गई।


चंद्रकांता संतति -भाग 5

धर, बाकर अली वगैरह ऐयारों ने भी अपने कुछ साथियों को जो चुनार से इनके साथ आए थे ऐयारी के फन में खूब होशियार किया। इस बीच में एक लड़का और उसके बाद लड़की भी महाराज शिवदत्त के घर पैदा हुए। मौका पाकर अपने बहुत से आदमियों और ऐयारों को साथ ले वह शिवदत्तगढ़ के बाहर निकला और राजा वीरेंद्र सिंह से बदला लेने की फिक्र में कई महीने तक घूमता रहा। बस, महाराज शिवदत्त का इतना ही मुख्तसर हाल लिखकर इस बयान को समाप्त करते हैं और फिर इंद्रजीत सिंह के किस्से को छेड़ते हैं।
इंद्रजीत सिंह के गिरफ्तार होने के बाद उन बनावदी शेरों ने भी अपनी हालत बदली और असली सूरत के ऐयार बन बैठे जिनमें यार अली, बाकर अली और खुदाबख्श मुखिया थे। महाराज शिवदत्त बहुत ही खुश हुआ और समझा कि अब मेरा जमाना फिरा, ईश्वर चाहेगा तो मैं फिर चुनार की गद्दी पाऊंगा और अपने दुश्मनों से बदला लूंगा।
इंद्रजीत सिंह को कैद कर वह शिवदत्तगढ़ को ले गया। सभी को ताज्जुब हुआ कि कुंअर इंद्रजीत सिंह ने गिरफ्तार होते समय कुछ भी उत्पात नहीं मचाया, किसी पर गुस्सा न निकाला, किसी पर हरवा न उठाया, यहां तक कि आंखों से रंज-अफसोस या क्रोध भी जाहिर न होने दिया। हकीकत में यह ताज्जुब की बात थी कि बहादुर वीरेंद्र सिंह का शेरदिल लड़का ऐसी हालत में चुप रह जाए और बिना हुज्जत किए बेड़ी पहन ले, मगर नहीं, इसका कोई सबब जरूर है जो आगे चलकर मालूम होगा।

चुनारगढ़ किले के अंदर एक कमरे में महाराज सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, जीत सिंह, तेज सिंह, देवी सिंह, इंद्रजीत सिंह और आनंद सिंह बैठे हुए कुछ बातें कर रहे हैं।
जीत सिंह- भैरो ने बड़ी होशियारी का काम किया कि अपने को इंद्रजीत सिंह की सूरत बना शिवदत्त के ऐयारों के हाथ फंसाया।
सुरेंद्र सिंह- शिवदत्त के ऐयारों ने चालाकी तो की थी, मगर...
वीरेंद्र सिंह- साधू जी शेर पर सवार हो सिद्ध बने, लेकिन अपना काम सिद्ध नहीं कर सके।
इंद्रजीत सिंह- मगर जैसे हो, भैरो सिंह को अब बहुत जल्द छुड़ाना चाहिए।
जीत सिंह- कुमार, घबराओ मत, तुम्हारे दोस्त को किसी तरह की तकलीफ नहीं हो सकती, लेकिन अभी उसका शिवदत्त के यहां फंसे ही रहना
मुनासिब है। वह बेवकूफ नहीं है, बिना मदद के आप ही छूटकर आ सकता है, इस पर पन्नालाल, राम नारायण, चुन्नीलाल, बद्रीनाथ और ज्योतिषीजी उसकी मदद को भेजे ही गए हैं। देखों तो क्या होता है। इतने दिनों तक चुपचाप बैठे रहकर शिवदत्त ने फिर अपनी खराबी कराने पर कमर बांधी है।
देवी सिंह- कुमारों के साथ जो फौज शिकाकरगाह में गई है उसके लिए अब क्या हुक्म होता है?
जीत सिंह- अभी शिकारगाह से डेरा उटाना मुनासिब नहीं। (तेजसिंह की तरफ देखकर) क्यों तेज?

तेज सिंह- (हाथ जोड़कर) जी हां, शिकारगाह में डेरा कायम रहने से हम लोग बड़ी खूबसूरती और दिल्लगी से अपना काम निकाल सकेंगे।
सुरेंद्र सिंह- कोई ऐयार शिवदत्तगढ़ से लौटे तो कुछ हालचाल मालूम हो।
तेज सिंह- कल तो नहीं, मगर परसों तक कोई-न-कोई जरूर आएगा।
पहर-भर से ज्यादा देर तक बातचीत होती रही। कुछ बातों को खोलना हम मुनासिब नहीं समझते, बल्कि आखिरी बात का पता तो हमें भी न लगा जो मजलिस उठने के बाद जीत सिंह ने अकेले में तेज सिंह को समझाई थी। खैर जाने दीजिए, जो होगा देखा जाएगा, जल्दी क्या है।
गंगा के किनारे ऊंची बारहदरी में इंद्रजीत सिंह और आनंद सिंह दोनों भाई बैठे हैं। बरसात का मौसम है गंगा खूब चढ़ी हुई हैं, किले के नीचे जल आ पहुंचा है, छोटी-छोटी लहरें दीवार में टक्कर मार रही हैं, अस्त होते हुए सूर्य की लालिमा जल में पड़कर लहरों की शोभा दूनी बढ़ा रही है, सन्नाटे का आलम है, इस बरहदरी में सिवाय इन दोनों भाइयों के कोई तीसरा दिखाई नहीं देता।
इंद्रजीत सिंह- अभी जल कुछ और बढ़ेगा।
आनंद सिंह- जी हां, पिछले साल तो गंगा आज से कहीं ज्यादा बढ़ी हुई थीं, जब दादाजी ने हम लोगों को तैरकर पार जाने के लिए कहा था।
इंद्रजीत सिंह- उस दिन भी खूब ही दिल्लगी हुई, भैरो सिंह सभी में तेज रहा, बद्रीनाथ ने कितना ही चाह कि उसके आगे निकल जाए, मगर न हो सका।
आनंद सिंह- हम दोनों भी कोस-भर तक उस किश्ती के साथ ही गए जो हम लोगों की हिफाजत के लिए संग गई थी।
इंद्रजीत सिंह- बस वही तो हम लोगों का आखिरी इम्तिहान रहा, फिर तब से जल में तैरने की नौबत ही कहां आई।
आनंद सिंह- कल तो मैंने दादजी से कहा था कि आज कल गंगा जी खूब चढ़ी हुई हैं, तैरने को जी चाहता है।
इंद्रजीत सिंह- तब क्या बोले?
आनंद सिंह- कहने लगे कि बस अब तुम लोगों का तैरना मुनासिब नहीं है, हंसी होगी। तैरना भी एक इल्म है जिसमें तुम लोग होशियार हो चुके, अब क्या जरूरत है? ऐसा ही जी चाहे तो किश्ती पर सवार होकर जाओ, सैर करो।
इंद्रजीत सिंह- उन्होंने बहुत ठीक कहा, चलो किश्ती पर थोड़ी दूर घूम आएं।
बातचीत हो ही रही थी कि चोबदार ने आकर अर्ज किया- 'एक बहुत बूढ़ा जवहरी हाजिर है, दर्शन करना चाहता है।'
आनंद सिंह- यह कौन-सा वक्त है?
चोबदार- (हाथ जोड़कर), ताबेदार ने तो चाहा था कि इस समय उसे विदा करे, मगर यह ख्याल करके ऐसा करने का हौसला न पड़ा कि एक तो लड़कपन ही से वह इस दरबार का नमकख्वार है और महाराज की भी उस पर निगाह हरती है, दूसरे 80 वर्ष का बूढ़ा है...


15 फ़रवरी, 2010

चंद्रकांता संतति - भाग 4

इंद्रजीत सिंह : जी हां, दुनिया में भाई से बढ़कर रत्न नहीं तो भाई से बढ़ कर कोई दुश्मन भी नहीं। यह बात मेरे दिल में बैठ गई है कि उसको हटाने के लिए ब्रह्माजी भी आकर समझाएं-बुझाएं तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
सा
धू : बिना उसको साथ लिए तुम तिलिस्म नहीं तोड़ सकते।
इंद्रजीत सिंह : (हाथ जोड़कर), बस तो जाने दीजिए। माफ कीजिए, मुझे तिलिस्म तोड़ने की जरूरत नहीं।
साधू : क्या तुम्हें इतनी जिद है?
इंद्रजीत सिंह : मैं कह चुका हैं कि ब्रह्मा भी मेरी राय नहीं पलट सकते।
साधू : खैर, तब तुम्हीं चलो, मगर इसी वक्त चलना होगा।
इंद्रजीत सिंह : हां, हां, मैं तैयार हूं, अभी चलिए।
साधू उसी समय उठ खड़े हुए। अपनी गठड़ी बांध एक शेर पर लाद दिया तथा दूसरे पर सवार हो गए। इसके बाद एक शेर की तरफ देखकर कहा, 'बच्चा गंगाराम, यहां तो आओ।' वह शेर तुरंत उनके पास आया। साधू ने इंद्रजीत से कहा- 'तुम इस पर सवार हो जाओ।' इंद्रजीत सिंह कूद कर सवार हो गए और साधू के साथ-साथ दक्षिण के रास्ते पर चल दिए। साधू के साथी और शेर भी कोई आगे-पीछे, कोई बाएं, कोई दाहिने हो साधू के साथ जाने लगे।
सब शेर तो पीछे रह गए, मगर दो शेर जिन पर साधू और इंद्रजीत सवार थे आगे निकल गए। दोपहर तक ये दोनों चलते गए। जब दिन ढलने लगा तो साधूजी ने इंद्रजीत सिंह से कहा- 'यहां ठहरकर कुछ खा-पी लेना चाहिए।'
इसके जवाब में कुमार बोले-'साधू जी खाने-पीने की कोई जरूरत नहीं। आप महात्मा ही ठहरे, मुझे कोई भूख नहीं लगी है, फिर अटकने की क्या जरूरत है? जिस काम में पड़े उसमें सुस्ती करना ठीक नहीं!'
साधू ने कहा- 'शाबाश, तुम बड़े बहादुर हो, अगर तुम्हारा दिल इतना मजबूत न होता तो तिलिस्म तुम्हारे ही हाथ से टूटेगा, ऐसा बड़े लोग न कह जाते। खैर चलो!'
कुछ दिन बाद बाकी रहा, जब ये दोनों एक पहाड़ी लुटेरे हाथ में बरछे लिए आते दिखाई दिए और ऐसे ही 20-25 आदमियों को साथ लिए पूरब तरफ से आता हुआ राजा शिवदत्त नजर पड़ा जिसे देखते ही इंद्रजीत सिंह ने ऊंची आवाज में कहा- 'इनको मैं पहचान गया, यही महाराज शिवदत्त हैं। इनकी तस्वीर मेरे कमरे में लटकी हुई है। दादाजी ने इनकी तस्वीर मुझे दिखाकर कहा था कि हमारे सबसे पुराने दुश्मन यही महाराज शिवदत्त हैं। ओफ ओह, हकीकत से साधू जी ऐयार ही निकले, जो सोचा था वही हुआ। खैर क्या हर्ज है, इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर लेना जरा टेढ़ी खीर है!'
शिवदत्त- (पास पहुंचकर) मेरा आधा कलेजा तो ठंडा हुआ, मगर अफसोस, तुम दोनों बाई हाथ न आए।
इंद्रजीत सिंह- जी इस भरोसे न रहिएगा कि इंद्रजीत सिंह को फंसा लिया। उनकी तरफ बुरी निगाह से देखान भी कयामत है ।
इस जगह पर थोड़ा-सा हाल महाराज शिवदत्त का भी बयान करना मुनासिब मालूम होता है। महाराज शिवदत्त को हर तरह से कुंअर वीरेंद्र सिंह के मुकाबले में हार माननी पड़ी। लाचार उसने शहर छोड़ दिया और अपने कई पुराने खैर-ख्वाहों को साथ ले चुनार के दक्षिण की तरफ रवाना हुआ।
चुनार से थोड़ा ही दूर दक्षिण में लम्बा-चौड़ा घना जंगल है। यह बिंध्य के पहाड़ी जंगल का सिलसिला राबर्ट्सगंज, सरगुजा और सिंगरौली होता हुआ सैकड़ों कोस तक चला गया है जिसमें बड़े-बड़े पहाड़, घाटियां, दर्रे और खोह पड़ते हैं। बीच में दो-गो, चार-चार कोस के फासले पर गांव भी आबाद है। कहीं-कहीं पहाड़ों पर पुराने जमाने के टूटे-फूटे आलीशान किले अभी तक दिखाई पड़ते हैं। चुनार से आठ-दस कोस दक्षिण अहरौरा के पास पहाड़ पर पुराने करने से मालूम होता है कि जब यह किला दुरुस्त होगा तो तीन कोस से ज्यादे लम्बी-चौड़ी जमीन इसने घेरे होगी, आखिर में यह किला काशी के मशहूर राजा चेतन सिंह के अधिकार में था। इन्हीं जंगलों में अपनी रानी और कई खैरख्वाहों को मय उनकी औरतों और बाल-बच्चों को साथ लिए घूमते-फिरते महाराज शिवदत्त ने चुनार से लगभग 50 कोस दूर जाकर एक हरी-भरी सुहावनी पहाड़ी के ऊपर एक पुराने टूटे हुए मजबूत किले में डेरा डाला और उसका नाम शिवदत्तगढ़ रखा जिसमें उस वक्त भी कई कमरे और दालान रहने लायक थे। यह छोटी पहाड़ी अपने चारों तरफ के ऊंचे पहाड़ों के बीच में इस तरह छिपी और दबी हुई थी कि एकाएक किसी का यहां पहुंचना और कुछ पता लगाना मुश्किल था।
इस वक्त महाराज शिवदत्त के साथ सिर्फ 20 आदमी थे जिनमें तीन मुसलमान ऐयार थे जो शायद नाजिम और अहमद के रिश्तेदारों में से थे और यह समझकर महाराज शिवदत्त ऐयार के साथ हो गए थे कि इनके साथ मिले रहने से कभी-न-कभी राजा वीरेंद्र सिंह से बदला लेने का मौका मिल ही जाएगा, दूसरे सिवाय शिवदत्त के और कोई इस लायक नजर भी न आता था जो इन बेईमानों को ऐयारी के लिए अपने साथ रखता। तीनों ऐयार नीचे लिखे नामों से पुकारे जाते थे- बाकरअली, खुदाबख्स और यारअली। इस सब ऐयारों और साथियों ने रुपए-पैसे से भी जहां तक बन पड़ा महाराज शिवदत्त की मदद की।
राजा वीरेंद्र सिंह की तरफ शिवदत्त का दिल साफ न हुआ, मगर मौका न मिलने के सबब मद्दत तक उसे चुपचाप बैठे रहना पड़ा। अपनी चालाकी और होशियारी से वह पहाड़ी भील और खर्वार इत्यादि जाति के आदमियों का राजा बन बैठा और उनसे मालगुजारी में गल्ला, घी, शहद और बहुत-सी जंगली चीजें वसूल करने और उन्हें करने और उन्हीं लोगों की मारफत शहर में भेजवा और बिकवाकर रुपया बटोरने लगा। उन्हीं लोगों को होशियार करके थोड़ी-बहुत फौज भी उसने बना ली। धीरे-धीरे वे पहाड़ी जाति के लोग भई होशियार हो गए और खुद शहर में जाकर गल्ला वगैरह बेच रुपये इकट्ठा करने लगे। शिवदत्तगढ़ भी अच्छी तरह आबाद हो गया।
Related Posts with Thumbnails