21 फ़रवरी, 2010
चंद्रकांता संतति - भाग 12
आनंद सिंह पलंग से उठ खड़े हुए और हालर निकल जाने की उम्मीद में उस खिड़की के अंदर घुसे। उन औरतों ने इन्हें बिलकुल न रोका, क्योंकि वे जानती थीं कि सिर्फ इस खिड़की ही के पार चले जाने से उनका काम न चलेगा।
खिड़की के पार तो हो गए मगर आगे अंधेरा था। इस छोटी-सी कोठरी में चारों तरफ घूमे, मगर रास्ता न मिला। हां एक तरफ बंद दरवाजा मालूम हुआ जो किसी तरह खुल न सकता था, लाचार फिर उसी कमरे में लौट आए।
उस औरत ने हंसकर कहा- 'मैं पहले ही कह चुकी हूं कि आप मुझसे अलग नहीं हो सकते। खुदा ने मेरे ही लिए आपको पैदा किया है। अफसोस कि आप मेरी तरह खयाल नहीं करते और मुफ्त में अपनी जान गंवाते हैं! बैठिए, खाइए, पीजिए, आनंद कीजिए, किस सोच में पड़े हैं!'
आनंद सिंह- मैं तेरा छुआ खाऊं?
औरत- क्यों हर्ज क्या है? खुदा सबका है, उसी ने हमको भी पैदा किया, आपको भी पैदा किया। जब एक ही बाप के सब लड़के हैं तो आपस में छूत कैसी?
आनंद सिंह- (चिढ़कर) खुदा ने हाथी पैदा किया, गदहा भी पैदा किया, कुत्ता भी पैदा किया, सुअर भी पैदा किया, मुर्गा भी पैदा किया- जब एक ही बाप के सब लड़के हैं तो परहेज काहे का!
औरत- अच्छा, आप मुझसे शादी न करें, इसी तरह मुहब्बत रखें।
आनंद सिंह- कभी नहीं , चाहे हो!
औरत- (हाथ का इशारा करके) अच्छा उस औरत से शादी करेंगे जो आपके पीछे खड़ी है? वह तो हिंदुआनी है।
'मेरे पीछे दूसरी औरत कहा से आई!' ताज्जुब से पीछे फिरकर आनंद सिंह ने देखा। उस नालायक को मौका मिला, खिड़की के अंदर हो झट किवाड़ बंद कर दिया।
आनंद सिंह पूरा धोखा खा गए, हर तरह से हिम्मत टूट गई। लाचार फिर उसी पलंग पर लेट गए। भूख से आंखें निकली आती थीं, खाने-पीने का सामान मौजूद था, मगर वह जहर...
दिल ने समझ लिया कि अब जान गई। कभी उठते, कभी बैठते कभी दालान के बाहर निकलकर टहलते, आधी रात जाते-जाते भूख की कमजोरी ने उन्हें चलने-फिरने लायक न रखा, फिर पलंग पर आकर लेट गए और ईश्वर को याद करने लगे।
एकाएक बाहर से धमाके की आवाज आई, जैसे कोई कमरे की छत पर से कूदा हो। आनंद सिंह उठ बैठे और दरवाजे की तरफ देखने लगे। सामने से एक आदमी आता हुआ दिखाई पड़ा, जिसकी उम्र लगभग चालीस वर्ष की होगी। सिपाहियाना पोशाक पहने, ललाट पर त्रिपुंड लगाए, कमर में नीमचा खंजर और ऊपर से कमंद लपेटे, बगल से मुसाफिरी का झोला, हाथ में दूध से भरा लोटा लिए आनंद सिंह के सामने आ खड़ा हुआ और बोला- 'अफसोस, आप राजकुमार होकर वह काम करना चाहते हैं, जो ऐयारों, जासूसों या अदले सिपाहियों के करने लायक हो! नतीजा यह निकला कि इस चांडालिन के यहां फंसना पड़ा। इस मकान में आए आपको कितने दिन हुए! घबराइए मत, मैं आपका दोस्त हूं, दुश्मन नहीं!'
इस सिपाही को देख आनंद सिंह ताज्जुब में आ गए और सोचने लगे कि यह कौन है, जो ऐसे वक्त मेरी मदद को आ पहुंचा! खैर, जो भी हो बेशक यह हमारा खैरख्वाह है, बदख्वाह नहीं।
आनंद सिंह- जहां तक खयाल करता हूं यहां आए दूसरा दिन है।
सिपाही- कुछ अन्न-जल तो न किया होगा!
आनंद सिंह- कुछ नहीं।
सिपाही- हाय, राजा वीरेंद्र सिंह के प्यारे लड़के की यह दशा! लीजिए, मैं आपको खाने-पीने के लिए देता हूं।
आनंद सिंह- पहले मुजे मालूम होना चाहिए कि आपकी जाति उत्तम है और मुझे धोखा देकऱ अधर्मी करने की नीयत नहीं है।
सिपाही- (दांत के नीचे जबान दबाकर) राम-राम? ऐसा स्वप्न में भी खयाल न कीजिएगा कि मैं धोखा देकर आपको अजाति करूंगा। मैंने पहले ही सोचा था कि आप शक करेंगे इसलिए ऐसी चीजें लाया हूं, जिनके खाने-पीने में आप उज्र न करें। पलंग पर से उठिए, बाहर आइए।
आनंद सिंह उसके साथ बाहर गए। सिपाही ने लोटा जमीन पर रख दिया और झोले में से कुछ मेवा निकाल उनके हाथ में देकर बोला-' लीजिए इसे खाइए और (लोटे की तरफ इशारा करते हुए कहा) यह दूध है, पीजिए।'
आनंद सिंह की जान में जान आ गई, प्यास और भूख से दम निकला जाता था, ऐसे समय में थोड़े मेवे और दूध का मिल जाना क्या थोड़ी खुशी की बात है? मेवा खाया, दूध पिया, जरी ठिकाने हुआ, इसके बाद उस सिपाही को धन्यवाद देकर बोले- 'अब मुझे किसी तरह इस मकान के बाहर कीजिए।' सिपाही- मैं आपको इस मकान के बाहर ले चलूंगा, मगर इसकी मजदूरी भी तो मुझे मिलनी चाहिए।
20 फ़रवरी, 2010
चंद्रकांता संतति - भाग 11
अपने भाई इंद्रजीत सिंह की जुदाई से व्याकुल हो उसी समय आनंद सिंह उस जंगल के बाहर हुए और मैदान में खड़े हो इधर-उधर निगाल दौड़ाने लगे। पश्चिम तरफ दो औरतें घोड़ों पर सवार धीरे-धीरे जाती हुई दिखाई पड़ी। ये तेजी के साथ उस तरफ बढ़े और उन दोनों के पास पहुंचने की उम्मीद में दो कोस तक पीछा किए चले गए, मगर उम्मीद पूरी न हुई, क्योंकि पहाड़ी के नीचे पहुंच कर वे दोनों रुकी और अपने पीछे आते हुए आनंद सिंह की तरफ देख घोड़ों को एक दम तेज कर पहाड़ी के बगल से घुमाती हुई गायब हो गई।
खूब खिली हुई चांदनी रात होने के सबब से आनंद सिंह को ये दोनों औरतें दिखाई पड़ी और इन्होंने इतनी हिम्मत भी की, पर पहाड़ी के पास पहुंचते ही उन दोनों के भाग जोने से इनको बड़ा ही रंज हुआ। खड़ा होकर सोचने लगे कि अब क्या करना चाहिए। इनको हैरान और सोचते हुए छोड़कर निर्दयी चंद्रमा ने भी धीरे-धीरे अपने घर का रास्ता लिया और अपने दुश्मन को जाते देख मौका पाकर अंधेरे ने चारों तरफ हुकूमत जमाई। आनंद सिंह और भी दुखी हुए। क्या करें? कहां जाएं? किससे पूछें कि इंद्रजीत सिंह कौन ले गया? दूर से एक रोशनी दिखाई पड़ी। गौर करने से मालूम हुआ कि किसी झोपड़ी के आगे आग डल रही है। आनंद सिंह उसी तरफ चले और थोड़ी ही देर में कुटी के पास पहुंच कर देखा कि पत्तों की बनाई हुई हरी झोपड़ी के आगे आठ-दस आदमी जमीन पर फर्श बिछाए बैठे हैं, जो कि दाढ़ी और पहिरावे से साफ मुसलमान मालूम पड़ते हैं। बीच में दो मोमी शमादान जल रहे हैं। एक आदमी फारसी के शेर पढ़कर सुना रहा है और बकी सब 'वाह-वाह' की धुन लड़ा रहे हैं। एक तरफ आग जल रही है और दो-तीन आदमी कुछ खाने की चीजें पका रहे हैं। आनंद सिंह फर्श के पास जाकर खड़े हो गए।
आनंद सिंह को देखते ही सब के सब खड़े हुए और बड़ी इज्जत से उनको फर्श पर बैठाया। उस आदमी ने जो फारसी के शेर पढ़-पढ़ कर सुना रहा था, खड़े हो अपनी रंगीली भाषा में कहा- 'खुदा का शुक्र है कि शाहजाद-ए-चुनार ने इस मजलिस में पहुंच कर हम लोगों की इज्जत को फल्के-हफ्तूम' तक पहुंचाया। इस जंगल बियावान में हम लोग क्या खातिर कर सकते हैं सिवाय इसके कि इनके कदमों को अपनी आंखों पर जगह दें और इत्र व इलायची पेश करें!'
केवल इतना ही कहकर इत्रदान और इलायची की डिब्बी उनके आगे ले गया। पढ़े-लिखे भले आदमियों की खातिर जरूरी समझकर आनंद सिंह ने इत्र सूंघा और इलायची ले लिया, इसके बाद इनसे इजाजत लेकर वह फिर फारसी कविता पढ़ने लगा। दूसरे आदमियों ने दो एक तकिए इनके अगल-बगल में रख दिए।
इत्र की विचित्र खुशबू ने इनको मस्त कर दिया, इनकी पलकें भारी हो गई और बेहोशी ने धीरे-धीरे अपना असर जमाकर इनको फर्श पर सुला दिया। दूसरे दिन दोपहर को आंख खुलने पर इन्होंने अपने को एक-दूसरे ही मकान में मसहरी पर पड़े हुए पाया। घबड़ाकर उठ-बैठे और इधऱ-उधर देखने लगे।
पांच कमसिन और खूबसूरत औरतें सामने खड़ी हुई दिखाई दीं, जिनमें से एक सरदारनी की तरह कुछ आगे बढ़ी हुई थी। उनके हुस्न और अदा को देख आनंद सिंह दंग हो गए। उसकी बड़ी-बड़ी आंखों और बांकी चितवन ने उन्हें आपे से बाहर कर दिया, उसकी जरा-सी हंसी ने इनके दिल पर बिजली गिराई और आगे बढके हाथ जोड़ इस कहने ने तो और भी सितम ढाया कि- 'क्या आप मुझसे खफा हैं?'
आनंद सिंह भाई की जुदाई, रात की बात, ऐयारों के धोखे में पड़ना, सब कुछ बिलकुल भूल गए और उसकी मुहब्बत में चूर हो बोले- 'तुम्हारी-सी परी-जमाल से और रंज!'
वह औरत पलंग पर बैठ गई और आनंद सिंह के गले में हाथ डाल के बोली- 'खुदा की कसम खाकर कहती हूं कि साल भर से आपेक इश्क ने मुझे बेकार कर दिया। सिवाय आपके ध्यान के खाने-पीने की बिलकुल सुध न रही, मगर मौका न मिलने से लाचार थी।'
आनंद सिंह- (चौंककर) हैं! क्या तुम मुसलमान हो जो खुदा की कसम खाती हो?
औरत- (हंसकर) हां, क्या मुसलमान बुरे होते हैं?
आनंद सिंह यह कहकर उठ खड़े हुए- 'अफसोस, अगर तुम मुसलमान न होती तो मैं तुम्हें जी-जान से प्यार करता, मगर एक औरत के लिए अपना मजहब नहीं बिगाड़ सकता।'
औरत- (हाथ थाम कर) क्या यह बात दिल से कहते हो?
आनंद सिंह- हां, बल्कि कसम खाकर!
औरत- तो तुम यहां से चले जाओगे?
आनंद सिंह- जूरूर!
औरत- मुमकिन नहीं।
आनंद सिंह- क्या मजाल कि तुम मुझको रोको!
औरत- ऐसा खयाल भी न करना।
'देखें, मुझे कौन रोकता है!' कहकर आनंद सिंह उस कमरे के बाहर हुए और उसी कमरे की एक खिड़की, जो दीवार में लगी हुई थई, खोल वे औरतें वहां से निकल गई।
आनंद सिंह इस उम्मीद में चारों तरफ घूररने लगे कि कहीं रास्ता मिले तो बाहर हो जाएं, मगर उनकी उम्मीद किसी तरफ पूरी न हुई।
यह मकान बहुत लम्बा-चौड़ा न था। सिवाय इस कमरे और एक सहन के और कोई जगह इसमें न थी। चारों तरफ ऊंची-ऊंची दीवारों के सिवाय बाहर जाने के लिए कहीं से भी कोई दरवाजा न था। हर तरह से लाचार और दुखी हो फिर उसी पलंग पर आ लेटे और सोचने लगे-
'अब क्या करना चाहिए! इस कम्बख्त से किस तरह जाने बचे? यह तो हो ही नहीं सकता कि मैं इसे चाहूं या प्यार करूं। राम राम, मुसलमानिन से और इश्क! यह तो सपने में भी नहीं होने का। तब फिर क्या करूं? लाचारी है, जब किसी तरह छुट्टी न देखूंगा तो इस खंजर से, जो मेरी कमर में है, अपनी जान दे दूंगा।'
कमर से खंजर निकालना चाहा, देखा तो कमर खाली है। फिर सोचने लगे-'गजब हो गया, इस हरामजादी ने तो मुझे किसी लायक न रखा। अगर कोई दुश्मन आ जाए तो मैं क्या कर सकूंगा? बेहया अगर मेरे पास आवे तो गला दबाकर मार डालूं। नहीं, नहीं वीर पुत्र होकर स्त्री पर हाथ उठाना! यह मुझसे न होगा, तब क्या भूखे-प्यासे जान दे देना पड़ेगा? मुसलमानिन के घर में अन्न-जल कैसे ग्रहण करूंगा! हां ठीक है, एक सूरत निकल सकती है। (दीवार की तरफ देखकर) इसी खिड़की से वे लोग बाहर निकल गई हैं। अबकी अगर यह खिड़की खुले और वह कमरे में आवे् तो मैं भी जबर्दस्ती इसी राह से बाहर हो जाऊंगा।'
17 फ़रवरी, 2010
चंद्रकांता संतति - भाग 10
बद्रीनाथ- हां, हां, यही ठीक होगा, चलो हम लोग एक साथ चलें।
चारों ऐयार एक साथ वहीं से रवाना हो गए और उस हलवाई के पास पहुंचे जिसकी अकेली दुकान शहर के किनारे पर थी। बद्रीनाथ, ज्योतिषी और भैरो सिंह कुछ इधर ही खड़े रहे और पन्नालाल सौदा खरीदने दुकान पर गए। जाने के पहले ही भैरो सिंह ने कहा- 'मिट्टी के बर्तन में पानी भी देने का इकरार हलवाई से पहले कर लेना, नहीं तो पीछे हुज्जत करेगा।'
पन्ना लाल हलवाई की दुकान पर गए और दो सेर पूरी तथा सेर भर मिठाई मांगी। हलवाई ने खुद पूछा कि- 'पानी भी चाहिए या नहीं?'
पन्नालाल- हां, हां, पानी जरूर देना होगा।
हलवाई- कोई बर्तन है?
पन्नालाल- बर्तन तो है, मगर छोटा है। तुम्हीं किसी मिट्टी के ठलिए में जल दे दो।
पन्ना लाल- इतना अंधेर-खैर हम देंगे।
पूरी, मिठाई और एक घड़ा जल लेकर चारों ऐयार वहां से चले, मगर यह खबर किसी को भी न थी कि कुछ ही दूर पीछे दो आदमी साथ लिए छिपता हुआ हलवाई भी आ रहा है। मैदान में एक बड़े पत्थर की चट्टान पर बैठ चारों ने भोजन किया, जल पिया और हाथ-मुंह धो निश्चित हो धीरे-धीरे आपस में बातचीत करने लगे। आधा घंटा भी न बीता होगा कि चारों बेहोश होकर चट्टान पर लेट गए और दोनों आदमियों को साथ लिए हलवाई इनकी सर पर आ धमका।
हलवाई के साथ आए दोनों आदमियों ने बद्रीनाथ, ज्योतिषी और पन्नालाल की मुश्कें कस डाली और कुछ सुंघा भैरोसिंह को होश में लाकर बोले- 'वाह जी अयायब सिंह- आपकी चालाकी तो खूब काम कर गई! अब तो शिवदत्तगढ़ में आए हुए पांचों नालायक हमारे हाथ आ फंसे! महाराज से सबसे ज्यादा इनाम पाने का काम तो आप ही ने किया!'
बहुत सी तकलीफें उठाकर महाराज सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह और इन्हीं के बदौलत चंद्रकांता, चपला, चंपा, तेज सिंह और देवी सिंह वगैरह ने थोड़े दिन खूब सुख लूटा, मगर अब वह जमाना न रहा। सच है, सुख और दुख का पहरा बराबर बदलता रहता है। कौन जानता था कि कि गया गुजरा शिवदत्त फिर बला की तरह निकल आएगा? किसे खबर थी कि बेचारी चंद्रकांता की गोद से पले-पलाए दोनों होनहार लड़के यों अलग कर दिए जाएंगे?
कौन साफ कह सकता था कि इन लोगों की वंसावली और राज्य में जितनी तरक्की होगी, एकाएक उतनी ही ज्यादा आफतें आ पड़ेंगी? खैर! खुशी के दिन तो उन्होंने काटे, अब मुसीबत की घड़ी कौन झेले? हां, बेचारे जगन्नाथ ज्योतिषी ने इतना जरूर कह दिया था कि वीरेंद्र सिंह के राज्य और वंश की बहुत कुछ तरक्की होगी, मगर मुसीबत को लिए हुए। खैर आगे जो कुछ होगा देखा जाएगा, पर इस समय तो सबके सब तरद्दुद में पड़े हैं। देखिए, अपने एकांत के कमरे में महाराज सुरेंद्र सिंह कैसी चिंता में बैठे हैं और बाईं तरफ गद्दी का कोना दबाए राजा वीरेंद्र सिंह अपने सामने बैठे हुए जीत सिंह की सूरत किस बेचैनी से देख रहे हैं। दोनों बाप-बेटा अर्थात देवी सिंह और तारा सिंह अपने पास ऊपर के दर्जे पर बैठे हुए बुजुर्ग और गुरु के समान जीत सिंह की तरफ झुके हुए इस उम्मीद में बैठे हैं कि देखें अब आखिरी हुक्म क्या होता है। सिवाय इन लोगों के इस कमरे में और कोई भी नहीं है, एक दम सन्नाटा छाया हुआ है। न मालूम इसके पहिले क्या-क्या बातें हो चुकी हैं, मगर इस वक्त तो महाराज सुरेंद्र सिंह ने इस सन्नाटे को सिर्फ इतना ही कह के तोड़ा- 'खैर, चंपा और चपला की भी बात मान लेनी चाहिए।'
जीत सिंह- जो मर्जी, मगर देवी सिंह के लिए क्या हुक्म है?
सुरेंद्र सिंह- और तो कुछ नहीं, सिर्फ इतना ही ख्याल है कि चुनार की हिफाजत ऐसे वक्त क्यों कर होगी?
जीत सिंह- मैं समझता हूं कि यहां की हिफाजत के लिए तारा बहुत है और फिर वक्त पड़ने पर इस बुढ़ौती में भी मैं कुछ कर गुजरूंगा।
सुरेंद्र सिंह- (कुछ मुस्कुराकर और उम्मीद भरी निगाहों से जीत सिंह की तरफ देखकर) खैर, जो मुनासिब समझो, करो।
जीत सिंह- (देवी सिंह से) लीजिए साहब, अब आपको भी पुरानी कसर निकालने का मौका दिया जाता है। देखें आप क्या करते हैं। ईश्वर इस मुस्तैदी को पूरा करें।
इतना सुनते ही देवी सिंह उठ खड़े हुए और सलाम कर कमरे के बाहर चले गए...